सारनी: बैतूल जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने करारी चोट की है। सारनी थाना पुलिस ने बोलेरो वाहन से 138 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर को दुर्गा विसर्जन ड्यूटी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो (MH 29 L 0052) से शराब सप्लाई की जा रही है। थाना प्रभारी जयपाल इनवाती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजडोह विसर्जन स्थल के पास घेराबंदी कर वाहन पकड़ा। तलाशी में 8 पेटी लिमोन्ट बियर (62.400 लीटर), 4 पेटी देशी प्लेन (36 लीटर), 3 पेटी ऑफिसर्स चॉइस (25.920 लीटर) और डेढ़ पेटी गोवा लाल (13.500 लीटर) बरामद हुई। कुल 137.820 लीटर शराब और करीब 3 लाख की बोलेरो जप्त की गई।
पुलिस ने संतोष वर्मा (60) निवासी शॉपिंग सेंटर सारनी और शिवराम उर्फ गोलू मवासे (30) निवासी डांगवा को गिरफ्तार कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब सप्लाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकारी दुकानों से ही शराब गाड़ियों में भरकर गाँव-गाँव पहुँचाई जाती है। अब देखना होगा कि प्रशासन संबंधित ठेके पर क्या सख्त कदम उठाता है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयपाल इनवाती सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान की यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
