सीहोर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने जंगी प्रदर्शन किया.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली चौराहे पर एकत्रित हुए और यहां से जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए पैदल मार्च निकाला. प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर लगाए गए पुलिस बेरिकेड्स को हटाते हुए परिसर में प्रवेश कर लिया और नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कक्ष के पास तक पहुंच गए.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में निकले मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर चल रहे थे. कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जोडऩे-हटाने और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल उठाए. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बेरिकेड्स लगाए, लेकिन प्रदर्शनकारी उन्हें हटाते हुए आगे बढ़ गए. इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी.
बेरिकेड्स हटाने के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कक्ष के समीप तक जा पहुंचे. पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा.
कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन में पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, प्रभारी दिनेश मेघानी, पूर्व अध्यक्ष कैलाश परमार, डॉ. बलवीर तोमर, हरपाल ठाकुर, विष्णु राठौर, महेश दयाल चौरसिया, ओम वर्मा, राजाराम बड़े भाई, कमलसिंह चौहान, गीता राठौर, गुलाबबाई ठाकुर, आरती खंगराले, ममता कीर, ओम बाबा राठौर, हरीश राठौर, सीताराम भारती, विवेक राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
