
मामला गबन का, किसानो को सामग्री का वितरण नही, 2 करोड़ 29 लाख की राशि का किया गया गबन
नवभारत न्यूज
रीवा, 11 फरवरी, अनूपपुर जिले में कृषि विभाग द्वारा 2 करोड़ 29 लाख की राशि का गबन का मामला सामने आया है. आत्मा परियोजना के अन्तर्गत जिले के विभिन्न विकासखण्डो में किसानो को कृषि उपकरण वितरित करना था. लेकिन कोई सामग्री वितरित नही की गई और दो करोड़ 29 लाख 9 हजार 972 रूपये का गबन भ्रष्टाचार किया गया. जिसको लेकर ईओडब्ल्यू रीवा द्वारा जांच के बाद उप संचालक कृषि परियोजना सहित 6 के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अनूपपुर जिले के जैतहरी, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ विकासखण्डो में निवासरत किसानो को बर्मी, कम्पोस्ट, उन्नत हसिया, वर्मी बेड़, बायो इनोक्यूलेंट आदि सामग्री का वितरण किया जाना था. लेकिन उपरोक्त सामग्री किसानो को वितरित नही की गई और आत्मा परियोजना से मिली शासकीय राशि का गबन किया गया. पूरे मामले की शिकायत ईओडब्ल्यू रीवा में की गई थी, जिसकी जांच कराई गई. जांच में पाया गया कि उप संचालक कृषि परियोजना संचालक (आत्मा) एनडी गुप्ता एवं अन्य अधिकारियों द्वारा राशि का गबन कर भ्रष्टाचार किया गया है.
इनके खिलाफ दर्ज किया गया प्रकरण
शिकायत की जांच के बाद उप संचालक कृषि परियोजना एनडी गुप्ता, कृषि विभाग अनूपपुर एवं निरीक्षण व भौतिक सत्यापन हेतु गठित निरीक्षण समिति के सदस्य श्रीमती निशा सिन्हा, उप परियोजना संचालक आत्मा जिला अनूपपुर श्रीमती वर्षा त्रिपाठी सहायक संंचालक कृषि, एस.के शर्मा जिला प्रबंधक कृषि उद्योग विकास निगम अनूपपुर तत्कालीन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, प्रोप्राइटर शील बायोटेक लिमिटेड दिल्ली एवं अन्य के विरूद्ध आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल में धारा 120 बी, 409, 420, 467, 468, 471 भा.द.वि धारा 13 (1) ए 13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संसोधन अधिनियम 2018 के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
दो वर्ष की जगह एक ही वर्ष में कर दिया भुगतान
साथ ही एनडी गुप्ता द्वारा शील बायोटेक कम्पनी लिमिटेड़ दिल्ली को प्रोसस डाक्यूमेंट कलस्टर, आनलाइन रजिस्ट्रेशन, साइल सैम्पल कलेक्शन एण्ड टेस्टिंग रेसेड्यूस एनालिसिस सैम्पल निर्धारित समयावधि 2.23 वर्षो हेतु प्रावधानित राशि 7989150 रूपये के विरूद्ध 83,54,300 रूपये नियमानुसार 2 वर्ष में किये जाने वाले भुगतान के स्थान पर एक ही वर्ष में भुगतान कर दिया.
