
इंदौर. संयोगितागंज क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. साले द्वारा बहन को साथ ले जाने की जिद पर हुए विवाद में बहन, जीजा और मामा से मारपीट हो गई. दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
संयोगितागंज थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि भवानी नगर निवासी संजय राजपूत ने अपने साले आदर्श पंडित समेत साथियों तरुण, पीयूष और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है. शिकायत में कहा गया कि रविवार शाम संजय अपने मामा रामकिशन और पत्नी शिखा के साथ कार से पालदा जा रहा था. छावनी चौराहे पर आदर्श पंडित अपने साथियों के साथ मिल गया. आरोप है कि आदर्श ने बहन को साथ ले जाने की बात कही. शिखा के मना करने पर उसने उसे थप्पड़ मार दिया. बीचबचाव करने पहुंचे संजय और उनके मामा से भी मारपीट की गई. आरोप है कि आदर्श और उसके साथियों ने डंडों से कार के कांच फोड़ दिए और धमकी दी. इधर आदर्श पंडित ने भी संजय, शिवम और रामकिशन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. आदर्श का कहना है कि बहन ने उसे बुलाया था. चौराहे पर पहुंचते ही संजय और उसके रिश्तेदारों ने गाली गलौज कर हमला कर दिया था. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामले दर्ज कर लिए हैं. पुलिस अब घटना स्थल के साक्ष्य और बयानो के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
