डी कॉक की सेंचुरी ने मचाई तबाही, इस स्पेशल क्लब का बन गए हिस्सा, दिग्गज बल्लेबाजों को छोड़ा पीछे

पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में क्विंटन डी कॉक ने रोहित शर्मा की जगह मौका मिलते ही शानदार शतक जड़ा और अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया।

आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स आमने-सामने हैं, जहां इस मैच में रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में क्विंटन डी कॉक को मौका मिला। डी कॉक के लिए यह इस सीजन का पहला मैच था और उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुनाते हुए शानदार शतक जड़ दिया। उनकी इस पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने मजबूत स्थिति हासिल कर ली है। डी कॉक ने अपनी सेंचुरी महज 53 गेंदों में पूरी की, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। यह उनके आईपीएल करियर का तीसरा शतक भी है।

मिनी ऑक्शन में मिला मौका, पहली ही मैच में कमाल
क्विंटन डी कॉक को मुंबई इंडियंस ने मिनी ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। हालांकि सीजन की शुरुआत में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल पाई थी, क्योंकि रोहित शर्मा और रेयान रिकेलटन ओपनिंग कर रहे थे। लेकिन रोहित के चोटिल होने के बाद डी कॉक को पंजाब किंग्स के खिलाफ मौका मिला। इस मौके को उन्होंने दोनों हाथों से लपका और शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पंजाब के सामने बड़ा लक्ष्य खड़ा किया और मैच में बढ़त बनाई।

संजू और राहुल वाले खास क्लब में शामिल
डी कॉक ने इस शतक के साथ एक खास उपलब्धि भी हासिल कर ली है। वह आईपीएल इतिहास के तीसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए शतक लगाया है। उनसे पहले केएल राहुल और संजू सैमसन यह कारनामा कर चुके हैं। केएल राहुल ने पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए शतक जड़े हैं, जबकि संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सेंचुरी लगाई है। वहीं डी कॉक ने दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और अब मुंबई इंडियंस के लिए शतक पूरा किया। इस मैच में वह 60 गेंदों पर 112 रन बनाकर नाबाद लौटे।

आईपीएल करियर का तीसरा शतक
क्विंटन डी कॉक के लिए यह आईपीएल करियर का तीसरा शतक है, जो उनके शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत करता है। उन्होंने अपना पहला शतक साल 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ 51 गेंदों में 108 रन बनाकर लगाया था। इसके बाद उन्होंने 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दूसरी सेंचुरी जड़ी थी। अब उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ तीसरा शतक पूरा किया। उनकी इस पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं।

Next Post

रोजगार मेले में 184 युवाओं का चयन

Fri Apr 17 , 2026
सीहोर। जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार उद्योग केंद्र और शासकीय आईटीआई द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में रोजगार स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला आयोजित किया गया. मेले में 16 कंपनियों द्वारा युवाओं का साक्षात्कार लिया गया तथा योग्यता अनुसार चयन किया गया. रोजगार मेले में कुल 242 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया […]

You May Like