
खंडवा। नर्मदानगर थाना क्षेत्र के ग्राम पामाखेड़ी में 12 मार्च को हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 आरोपी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 12 बोर बंदूक, 27 कारतूस, 1.60 लाख रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन में खंडवा, धार और शाजापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह को पकड़ा। आरोपियों ने खाकी वर्दी पहनकर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए घर में घुसकर नौकरों को बांध दिया और अलमारी-तिजोरी तोड़कर नकदी व बंदूक लूट ली थी।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मास्टरमाइंड डॉक्टर शहजाद है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
