अडानी एनर्जी करेगी स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी इंटेलीस्मार्ट का अधिग्रहण

अहमदाबाद, 09 जून (वार्ता) देश की अग्रणी निजी ट्रांसमिशन कंपनी और ऊर्जा समाधान प्रदाता अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की शत-प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक पक्का समझौता किया है। इंटेलीस्मार्ट स्मार्ट मीटर बनाती है और नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) तथा एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) के बीच एक संयुक्त उद्यम है। इस प्रस्तावित अधिग्रहण के बाद देश के सबसे बड़े स्मार्ट मीटरिंग प्लेटफॉर्म के रूप में अडानी एनर्जी की स्थिति और मजबूत होगी। उसका पोर्टफोलियो बढ़कर 4.7 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटरों पर पहुंच जायेगा।

नकद 3,050 करोड़ रुपये के इस प्रस्तावित सौदे में अडानी समूह की कंपनी इंटेलीस्मार्ट की शत-प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी का अधिग्रहण करेगी और एनआईआईएफ के पास मौजूद इंटेलीस्मार्ट के वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचरों के बदले उसे भुगतान करेगी। इस सौदे को अभी नियामकीय और अन्य आवश्यक मंजूरियां मिलनी शेष है। इंटेलीस्मार्ट के पास उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और असम में 2.2 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटरों का पोर्टफोलियो है। अडानी एनर्जी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इन उच्च-विकास वाले उपभोक्ता बाजारों में कंपनी की मजबूत उपस्थिति भविष्य के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

एईएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कंदर्प पटेल ने कहा कि इंटेलीस्मार्ट का अधिग्रहण अडानी एनर्जी की क्षमता और कार्यान्वयन कौशल को बढ़ायेगा तथा तकनीक-आधारित समाधानों के माध्यम से देश के बिजली वितरण क्षेत्र के आधुनिकीकरण में योगदान देने में सक्षम बनायेगा।
इंटेलीस्मार्ट के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अनिल रावल ने कहा, “इंटेलीस्मार्ट इस महत्वपूर्ण सौदे का हिस्सा बनने पर गर्व महसूस करता है। इसने अपने सभी हितधारकों के लिए मूल्य सृजित किया है। यह उपलब्धि आगे के निवेश को प्रोत्साहित करेगी और बिजली वितरण क्षेत्र के डिजिटलीकरण को गति देगी, जो देश की संपूर्ण ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में परिवर्तन का प्रमुख चालक बन रहा है।”

.....

Next Post

विवाहिता के घर घुसा बदमाश, अपहरण का प्रयास कर की अश्लील हरकत

Tue Jun 9 , 2026
इंदौर. किशनगंज थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के घर में घुसकर बदमाश द्वारा अपहरण का प्रयास करने और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है. विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया. 30 वर्षीय पीड़िता की […]

You May Like