
इंदौर. किशनगंज थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के घर में घुसकर बदमाश द्वारा अपहरण का प्रयास करने और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है. विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया.
30 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर क्षेत्र के ही आरोपी मोंटी, निवासी तांगा खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है, घटना के समय महिला अपने घर में अकेली थी, तभी आरोपी जबरन घर में घुस आया. आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपी ने महिला को पकड़ लिया और उसे जबरन खींचते हुए अपहरण करने की कोशिश करने लगा. घबराई महिला ने शोर मचाया तो आरोपी बौखला और उसके साथ मारपीट करने लगा. मारपीट के दौरान आरोपी ने महिला के साथ अश्लील हरकत भी की. शोर सुनकर आसपास लोगों के आने की आहट मिलते ही आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन जाते-जाते महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से खत्म कर देगा. किशनगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
