नई दिल्ली 17 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि आयोग ने रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उठाए गए किसी भी प्रश्न का सार्थक जवाब नहीं दिया।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने एक्स पर जारी अपने पोस्ट में कहा कि असली सवाल सिर्फ यह है कि क्या चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेशों को बिहार में एसआईआर की प्रक्रिया में अक्षरश: लागू करेगा? उन्होंने कहा कि ऐसा करना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है और पूरा देश इसे देख रहा है और इंतजार कर रहा है।
श्री रमेश ने लिखा है कि ये संवाददाता सम्मेलन ऐसे समय पर आयोजित किया गया जब तीन दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की हर एक दलील को खारिज करते हुए बिहार में एसआईआर के दौरान हटाए गए 65 लाख मतदाताओं की सूची प्रकाशित करने का आदेश दिया है।
श्री जयराम ने लिखा कि जहाँ तक राहुल गांधी को मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा दी गई धमकियों का सवाल है, तो इतना कहना काफ़ी है कि उन्होंने केवल वही तथ्य रखे हैं जो चुनाव आयोग के अपने आँकड़ों से सामने आए हैं। चुनाव आयोग अब न केवल अपनी अक्षमता बल्कि खुली पक्षपात के लिए भी पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। उचित यही होगा कि चुनाव आयोग डराने-धमकाने की जगह जांच करे।
