हाट बाजार में दो मोबाइल चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए पारदी गिरोह के आरोपी

सलामतपुर। आज बेरखेड़ी चौराहे पर त्योहारी हाट बाजार में भारी भीड़ का फायदा उठाकर दो चोरों ने ग्रामीणों की जेब से दो मोबाइल चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी किस्मत खराब रही। ग्रामीणों की सतर्कता से दोनों चोर रंगे हाथ पकड़े गए।

सलामतपुर पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की पहचान पारदी गिरोह के सदस्य विशेष उर्फ चक्की पारदी (21) पुत्र विक्की पारदी और अबोध चौहान पारदी (21) पुत्र सूरज सिंह पारदी, निवासी कालापीपल अगरिया, थाना ईंटखेड़ी, भोपाल के रूप में हुई। दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं।

घटना की विस्तृत जानकारी के अनुसार, खोहा गांव के हरि सिंह पाल और राकेश पाल त्योहारी खरीदारी के लिए हाट बाजार आए थे। हरि सिंह पाल की जेब से 20 हजार रुपये मूल्य का ओप्पो मोबाइल और राकेश पाल का 10 हजार रुपये का टेक्नो मोबाइल पारदी गिरोह के चोरों ने चुराने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों की नजर चोरों पर पड़ गई और उन्होंने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दोनों मोबाइल बरामद हो गए।

पुलिस ने फरियादी हरि सिंह पाल की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी के मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों को गुरुवार को रायसेन न्यायालय में पेश कर पुलिस ने रिमांड मांगा।

थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि विशेष पारदी पर पहले भी चोरी, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं, जबकि अबोध चौहान पारदी के विरुद्ध नकबजनी और मारपीट के मामले हैं। पूछताछ में और मामलों का खुलासा होने की संभावना है।

Next Post

शासकीय विद्यालयों में नवाचार और तकनीक से सीख बढ़ाने का आह्वान

Thu Oct 16 , 2025
भोपाल। संभागायुक्त संजीव सिंह ने आज सिलवानी में शासकीय सांदिपनी विद्यालय में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि शासकीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए प्राचार्य और शिक्षक पूरी लगन से कार्य करें। उन्होंने उच्च परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों से अनुभव साझा करने […]

You May Like