
भोपाल। संभागायुक्त संजीव सिंह ने आज सिलवानी में शासकीय सांदिपनी विद्यालय में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि शासकीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए प्राचार्य और शिक्षक पूरी लगन से कार्य करें। उन्होंने उच्च परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों से अनुभव साझा करने और कम परिणाम वाले विद्यालयों में सुधार के उपाय अपनाने का निर्देश दिया। संभागायुक्त ने परीक्षा परिणाम के विश्लेषण, मॉडल टेस्ट पेपर, कैरियर काउंसलिंग और तकनीक आधारित नवाचार पर जोर दिया। कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने परिणाम सुधार से विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर बल दिया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक कलेक्टर, प्राचार्य और शिक्षक उपस्थित थे।
