बीरेंद्र लाकड़ा बने भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम में सहायक कोच

नई दिल्ली, (वार्ता) पूर्व दिग्गज खिलाड़ी बीरेंद्र लाकड़ा को भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम में सहायक कोच के रूप में शामिल किया गया है। वह दिग्गज गोलकीपर और मौजूदा कोच पीआर श्रीजेश के साथ मिलकर काम करेंगे।

28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होने वाली एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 से पहले लाकड़ा की नियुक्ति महत्वपूर्ण है। लाकड़ा ने 2010 में भारत के लिए पदार्पण किया और देश के सबसे विश्वसनीय डिफेंडरों में से एक बन गए। उन्होंने दो ओलंपिक खेलों लंदन 2012 और टोक्यो 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहाँ भारत ने ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता।

एक दशक से अधिक के शानदार करियर में, लाकड़ा ने विश्व कप, एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और अन्य प्रमुख टूर्नामेंटों में भारत के अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शानदार करियर की उपलब्धियों में 2014 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक, 2018 में कांस्य पदक, 2013 एशिया कप में रजत पदक, 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक और 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक शामिल हैं। वह 2015 में विश्व लीग फाइनल (रायपुर और भुवनेश्वर) में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।

ओडिशा में जन्मे लाकड़ा ने हीरो हॉकी इंडिया लीग 2024-25 में टीम गोनासिका के लिए खेलते हुए अपनी फिटनेस और जोश का प्रदर्शन किया। अपनी नई भूमिका के बारे में बात करते हुए, बीरेंद्र लाकड़ा ने कहा, “ऐसे महत्वपूर्ण समय में भारतीय जूनियर पुरुष टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मुझे पता है कि भारत की जर्सी पहनने के लिए क्या करना पड़ता है, और अब मैं अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को बड़े मंच के लिए तैयार करने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं। श्रीजेश जैसे किसी ऐसे व्यक्ति के साथ काम करना, जो एक टीममेट और प्रेरणा रहा है, एक रोमांचक चुनौती है। ”

Next Post

आलिया भट्ट ने कान्स फिल्म फेस्टिबल में किया धमाकेदार डेब्यू

Sun May 25 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री आलिया भट्ट ने कान्स फिल्म फेस्टिबल में धमाकेदार डेब्यू किया। इन दिनों कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 काफी चर्चा में है। इस मौके पर कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज अपना जलवा बिखेर रहे हैं। फ्रांस के रिवेरा शहर में चल रहे कांस फिल्म फेस्टिवल 2025 में आलिया […]

You May Like