‘शुद्धिकरण’ मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर खरगे ने नड्डा को लिखा पत्र

नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में उनकी सभा के बाद ‘शुद्धिकरण’ किये जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर राज्यसभा में नेता सदन जगत प्रकाश नड्डा को पत्र लिखा है। श्री खरगे ने श्री नड्डा को दो सितंबर को लिखे पत्र को गुरुवार को सार्वजनिक करते हुए कहा कि यह मामला केवल व्यक्तिगत रूप से उनके या कांग्रेस अध्यक्ष पद से जुड़े करोड़ों लोगों की भावनाओं का नहीं है बल्कि यह हमारे समाजिक एकता और समानता से भी जुड़ा है।

रामलीला मैदान में, जहां उन्होंने रैली को संबोधित किया था, वहां संविधान की भावना और मानवीय मूल्यों के विपरीत शुद्धिकरण कराया गया। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण की यह प्रक्रिया सीधे-सीधे छुआछूत से जुड़ी है। उन्होंने लिखा कि उनके जाने के बाद 108 घड़े गंगाजल और गोबर डालकर मंत्रोच्चार के साथ उस स्थल का शुद्धिकरण किए जाने की उन्हें जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इस तरह की जातिवादी प्रक्रिया को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री नड्डा से आग्रह किया है कि तथ्यों और राज्यसभा में दिए गए नेता सदन के आश्वासन के आलोक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को निर्देश देकर यह सुनिश्चित कराया जाए कि हल्द्वानी में उनकी सभा के बाद रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण की घटना से संबंधित गतिविधियों में लिप्त लोगों और संगठनों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि गलत करने वाले लोगों को सबक देना जरूरी है और समाज को बांटने वाली ऐसी मानसिकता का मुकाबला किया जाना चाहिए।

.....

Next Post

तेज बारिश में कच्चा मकान ढहा, मां-बेटे की मौत; मलबे में दबा पूरा परिवार

Thu Sep 3 , 2026
ग्वालियर। डबरा में तेज बारिश के बीच दर्दनाक हादसा सामने आया है। जंगीपुरा में एक कच्चे मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे कमरे में मौजूद परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में 33 वर्षीय सीमा और उनके दो वर्षीय बेटे आदित्य उर्फ गुड्डू की मौत […]

You May Like