हॉस्टल से गायब युवती का अपहरण के बाद हत्या की आशंका

जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में एक हॉस्टल में रहकर दवा बाजार में काम करने वाली युवती गीता राजपाल पिछले 5 महीनों से रहस्यमय ढंग से लापता है। अब इस मामले में पीड़िता के भाई ने अपनी बहन के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए सीधे पुलिस अधीक्षक समक्ष न्याय की गुहार लगाई है। इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर डाली गई एक संदिग्ध पोस्ट ने वारदात के पीछे किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा किया है।

शिकायतकर्ता राजा राजपाल निवासी ग्राम दिनारी खमरिया, तहसील मझौली, सिहोरा ने बताया कि उनकी बहन गीता राजपाल शास्त्री ब्रिज स्थित फ्रंटियर फार्मा दवा बाजार में नौकरी करती थी। वह मदन महल के पटेल मोहल्ला काली मठ बालक शाला के पास स्थित दीपेश नेमा के मकान में किराए से रहती थी। 18 जनवरी 2026 की शाम तक गीता की अपने परिवार से फोन पर सामान्य बातचीत हुई, लेकिन उसके बाद से ही उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया जो आज तक चालू नहीं हुआ।

सूचना देने वाले युवकों पर ही गहराया शक

घटना के अगले दिन यानी सोमवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच, निगरी निवासी राज राजपाल नामक युवक ने गीता के परिजनों को फोन कर बताया कि वह रविवार दोपहर से हॉस्टल से गायब है। परिजनों ने हॉस्टल संचालक दीपेश नेमा और रिश्तेदारों में गीता की काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। थक-हारकर परिजनों ने 20 जनवरी 2026 को मदन महल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संदेह के आधार पर सूचना देने वाले युवक राज राजपाल और उसके साथी सोनू चौरसिया को थाने बुलाकर पूछताछ भी की थी।

साजिश के तहत फेसबुक पोस्ट

इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर एक फर्जी आईडी से खेल खेला गया। पीड़ित भाई ने बताया कि सोशल मीडिया फेसबुक पर अंजली पाल नाम की एक प्रोफाइल से गीता राजपाल के हॉस्टल का सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरें अपलोड की गईं। पोस्ट में लिखा गया कि जो भी गीता का पता बताएगा, उसे 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा परिजनों का आरोप है कि उन्होंने ऐसी कोई पोस्ट या इनाम की घोषणा नहीं की थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पोस्ट में संदिग्ध राज राजपाल और सोनू चौरसिया के मोबाइल नंबर तो बिल्कुल सही लिखे थे, लेकिन गीता के असली परिजनों के नंबर का एक अंक जानबूझकर गलत डाला गया था ताकि कोई उनसे संपर्क न कर सके। पीड़ित परिवार का साफ कहना है कि जब उन्होंने कोई जानकारी इंटरनेट पर नहीं डाली, तो अंजली पाल नाम की आईडी के पीछे कौन है? आखिर सीसीटीवी फुटेज उस तक कैसे पहुंचा? परिजनों को अंदेशा है कि गीता राजपाल का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई है और आरोपी खुद को बचाने के लिए सोशल मीडिया के जरिए पुलिस और जनता को गुमराह कर रहे हैं। पीड़ित भाई ने एसपी इस मामले में तत्काल साइबर सेल एक्टिव करने, फेसबुक आईडी की लोकेशन ट्रेस करने और दोनों संदेही युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक ने सुनी शिकायतें, 133 मामले पहुंचे। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जन सुनवाई की गयी। जन सुनवाई मे शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के शिकायतकर्ता पुलिस कार्यालय में आये थे, अधिकांश शिकायतें पति-पत्नि, परिवारिक एवं जमीन सम्बंधी विवाद, मारपीट तथा सायबर अपराध से सम्बंधित 133 शिकायतें थी। एसपी ने शिकायतकर्ताओं को शीध्र शिकायतों पर वैधानिक कार्यवाही किये जाने आश्वस्त किया गया।

Next Post

शेयर बाजारों में तेजी, बैंकिंग, वित्तीय कंपनियों में लिवाली का जोर

Tue Jun 9 , 2026
मुंबई, 09 जून (वार्ता) बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों के शेयरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी रही और प्रमुख सूचकांक आधा फीसदी ऊपर बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 394.50 अंक (0.54 प्रतिशत) चढ़कर 73,918.76 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज […]

You May Like