इंदौर: चंदन नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और कैसीनो से जुड़े मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से करीब दो लाख रुपए कीमत के दो महंगे मोबाइल जब्त किए हैं. पुलिस अब ऑनलाइन गेमिंग आईडी के जरिए सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाने वालों और पैसों के लेन देन की जानकारी जुटा रही है, मामले में दो अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी का नाम नंदन नगर निवासी 39 वर्षीय इमरान खान उर्फ मुल्तानी बताया गया है. जांच में ऑनलाइन गेमिंग आईडी, क्रेडिट पॉइंट्स और आर्थिक लेन-देन से जुड़ी जानकारी सामने आई है. पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि उसे गेमिंग आईडी कौन उपलब्ध कराता था और वह आगे किन लोगों को देता था. बैंक खातों, यूपीआई और नकद लेन-देन की भी जांच की जा रही है. मामले में दो आरोपियों रईस मलिक और राहुल चौरसिया की तलाश जारी है.
एमपी, राजस्थान सहित अन्य राज्यों तक नेटवर्क फैला होने की आशंका
इस मामले में पुलिस को नेटवर्क के मध्यप्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों तक फैले होने की आशंका है. जब्त मोबाइल की तकनीकी जांच के जरिए दूसरे लोगों की भूमिका पता की जा रही है. आरोपी इमरान के खिलाफ पहले भी जुआ और मारपीट के दो मामले दर्ज हैं, जबकि राहुल चौरसिया के खिलाफ इंदौर, उज्जैन और देवास में जुआ, धोखाधड़ी और साजिश से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, उनसे जुड़े अन्य मामलों और ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है
