इंदौर:सोशल मीडिया पर धारदार चाकू के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले दो युवकों को हीरानगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों के कब्जे से एक एक स्प्रिंग वाला धारदार चाकू बरामद किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.हीरानगर थाना क्षेत्र में संदिग्धों और बदमाशों की चेकिंग के दौरान सुखलिया में रहने वाले उदय तिवारी उम्र 20 साल और कान्हा उर्फ कृष्णा शर्मा उम्र 19 साल पुलिस टीम को देखकर भागने लगे. घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया. तलाशी में उनके पास से अवैध स्प्रिंग वाले चाकू मिले, जिनके संबंध में वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने हाल ही में चाकू लहराते हुए रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी. दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि वे किसी वारदात की तैयारी में तो नहीं थे.
अपराधियों के खिलाफ शुरु किया है सख्त अभियान
थाना क्षेत्र में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर है. दोनों आरोपियों के कब्जे से स्प्रिंग वाले धारदार चाकू बरामद किए हैं. उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल
जाट गैंग के गुर्गे अब भी गिरफ्त से बाहर
इधर, कुछ दिन पहले होटल के कमरे में शराब के नशे में वीडियो बनाकर जान से मारने की धमकी देने वाले जाट गैंग के तीन बदमाश अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं. आरोपी पहले परदेशीपुरा क्षेत्र में सक्रिय थे और बाद में लसूड़िया इलाके में शिफ्ट हो गए. उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है
