कोतवाली पुलिस की तत्परता से महिला का गुम हुआ बैग सुरक्षित वापस मिला

सीधी:कोतवाली पुलिस की तत्परता से महिला का गुम बैग सुरक्षित वापस मिला । सीसीटीवी फुटेज से ऑटो की पहचान की गई चालक ने बैग सुरक्षित रखा था । पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का ऑटो में छूटा बैग सुरक्षित बरामद कर उसके सुपुर्द किया गया। बैग में रखे कपड़े, चांदी के आभूषण एवं नगद राशि सहित पूरा सामान सुरक्षित मिला।

पुलिस के अनुसार दिनांक 16 सितंबर 2026 को आवेदिका संगीता कोल पति सोनू कोल उम्र 28 वर्ष, निवासी बिठौली, थाना अमिलिया द्वारा थाना कोतवाली में सूचना दी गई कि वह अपने बच्चों के साथ रामपुर स्थित मायके से सीधी आई थी। उसने अपना बैग, जिसमें कपड़े, चांदी के आभूषण, नगद राशि एवं अन्य सामान रखा था, पीले रंग के ऑटो के ऊपर बने केबिन में रख दिया था। पुराना बस स्टैंड सीधी में बच्चों के साथ ऑटो से उतरने के दौरान वह बैग लेना भूल गई। कुछ समय बाद बैग की तलाश करने पर ऑटो नहीं मिला। सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल सीसीटीवी सर्विलांस कंट्रोल रूम पहुंचकर उपलब्ध फुटेज खंगाले गए।

फुटेज के आधार पर ऑटो की पहचान कर चालक राहुल भुजवा से संपर्क किया गया। ऑटो चालक ने बताया कि ऑटो के ऊपर बने केबिन में बैग रखा हुआ था। उसे भी बैग के संबंध में जानकारी नहीं थी। शाम को घर पर ऑटो खड़ा करने के दौरान बैग दिखाई देने पर उसने उसे सुरक्षित रख लिया था। सवारी का नाम-पता ज्ञात नहीं होने के कारण वह बैग उसके मालिक तक नहीं पहुंचा सका। पुलिस द्वारा ऑटो चालक से बैग प्राप्त कर थाना कोतवाली लाया गया। आवेदिका द्वारा बैग की पहचान किए जाने पर चांदी की छागल, चांदी का हाफ सेट, बिछिया, नगद राशि, कपड़े एवं अन्य सामान सहित पूरा सामान सुरक्षित पाया गया, जिसे पुलिस द्वारा आवेदिका के सुपुर्द किया गया। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर संगीता कोल ने थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी कोतवाली, प्रधान आरक्षक रन बहादुर सिंह एवं आरक्षक प्रखर पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका की नियुक्ति से पेंशन तक के मामलों का होगा निराकरण

Fri Sep 18 , 2026
ग्वालियर: महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी कर्मचारियों और अधिकारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निराकरण के लिए पहल की है। महिला एवं बाल विकास के आयुक्त संदीप जीआर के निर्देश पर अब संभाग एवं जिला स्तर पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को […]

You May Like