ओहियो | अमेरिका के ओहियो राज्य में गवर्नर पद के लिए हुए रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव में भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ने बड़ी जीत हासिल की है। मंगलवार को आए अनौपचारिक नतीजों के अनुसार, रामास्वामी ने कार डिजाइनर और यूट्यूबर केसी पुत्श को करारी शिकस्त देते हुए रिपब्लिकन नामांकन पर कब्जा कर लिया है। अपनी जीत के बाद मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए रामास्वामी ने कहा कि यह तो बस शुरुआत है और उनकी असली मंजिल नवंबर में होने वाले आम चुनाव हैं। डोनाल्ड ट्रंप के पक्के सहयोगी माने जाने वाले विवेक की इस जीत ने राज्य की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं।
रिपब्लिकन नामांकन जीतने के बाद अब नवंबर में विवेक रामास्वामी का सीधा मुकाबला डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से होगा। एमी एक्टन ओहियो की पूर्व पब्लिक हेल्थ डायरेक्टर रही हैं और उन्होंने कोविड महामारी के दौरान राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं का नेतृत्व किया था। एक्टन ने अपने प्रचार अभियान में कामकाजी परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने और ओहियो को अधिक किफायती बनाने का वादा किया है। रामास्वामी ने प्राइमरी चुनाव के दौरान ही स्पष्ट कर दिया था कि उनका मुख्य लक्ष्य एक्टन की नीतियों को चुनौती देना है, जिससे यह मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद है।
हेल्थ-टेक्नोलॉजी सेक्टर के सफल उद्यमी विवेक रामास्वामी साल 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे। बाद में उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को अपना समर्थन दे दिया, जिसके बाद ट्रंप ने उनकी बुद्धिमत्ता और नेतृत्व क्षमता की जमकर तारीफ की है। जेडी वेंस के उपराष्ट्रपति बनने के बाद ओहियो की राजनीति में आए खालीपन को रामास्वामी ने बखूबी भरा है। वे ‘डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी’ जैसे प्रोजेक्ट्स में एलन मस्क के साथ भी सक्रिय रहे हैं। वर्तमान गवर्नर माइक डेवाइन का कार्यकाल समाप्त होने के कारण, ओहियो अब रामास्वामी के रूप में एक नए नेतृत्व की ओर देख रहा है।

