टाहली जोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, टवेरा की टक्कर से बाइक सवार तीन युवाओं की मौत

बैतूल। जिले के चिचोली थाना क्षेत्र स्थित टाहली जोड़ पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवतियों और एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीमपुर ब्लॉक के खारीढाना गांव निवासी आंचल सेन उम्र 25 वर्ष मंगलवार सुबह करीब 5 बजे इंदौर से लौटकर फोरलेन स्थित टाहली जोड़ पर उतरी थी। उसने अपनी सहेली खुशी पंडग्रे उम्र 22 को वहां बुलाया था ताकि वह उसे घर ले जा सके। खुशी अपने मित्र कपिल बारस्कर के साथ बाइक से आंचल को लेने टाहली जोड़ पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि कपिल बाइक पर आंचल और खुशी को बैठाकर जैसे ही फोरलेन मार्ग पर आगे बढ़ा, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक टवेरा वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कपिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आंचल और खुशी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायल युवतियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

मंगलवार को जिला अस्पताल में दोनों युवतियों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि मृतक युवक कपिल का पोस्टमार्टम चिचोली में कराया गया। इसके बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।

चिचोली पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टवेरा वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे ने एक साथ तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Next Post

कैबिनेट से पहले मंत्रियों संग चर्चा: सबसे पहले मप्र हुआ नक्सलमुक्त, पीएम मोदी ने की प्रशंसा: सीएम डॉ यादव

Tue Jun 16 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूरे देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश ने ही नक्सलवाद को समाप्त किया है। लाल सलाम को आखिरी सलाम करने में मध्यप्रदेश ने बाजी मारी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 जून को नई दिल्ली में हुई नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल […]

You May Like