दमन हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन शुरू

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (वार्ता) केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नागर हवेली तथा दमन एवं दीव के दमन हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन शुरू हो गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू और केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने गुरुवार को दमन के नमो एयरपोर्ट से दमन–दिल्ली–दमन मार्ग की पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकारी विमान सेवा कंपनी अलायंस एयर ने इस उड़ान का संचालन शुरू किया है। इससे दमन का क्षेत्र पहली बार सीधे हवाई नेटवर्क से जुड़ गया है।

श्री नायडू ने उद्घाटन के अवसर पर दमन के लोगों को बधाई देते हुए कहा, “पहली उड़ान के साथ दमन सीधे देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ गया है। अब लोगों को सूरत या मुंबई के रास्ते आठ-दस घंटे की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। वे दिल्ली मात्र ढाई घंटे में पहुंच सकेंगे।”उन्होंने कहा कि दमन एवं दीव तथा दादरा एवं नागर हवेली में सात हजार से अधिक उद्योग संचालित हैं, जबकि निकटवर्ती वापी और वलसाड में 15 हजार से अधिक उद्योग कार्यरत हैं। बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, नये निवेश आकर्षित होंगे तथा युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे।

पर्यटन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष लगभग 20 लाख पर्यटक दमन आते हैं और अब हवाई संपर्क बढ़ने से यह संख्या तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि सरकार की योजना रनवे का विस्तार कर एयरबस ए320 जैसे बड़े विमानों का संचालन शुरू करने तथा मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और पटना जैसे शहरों से सीधी उड़ानें शुरू करने की है। उन्होंने दीव हवाई अड्डे का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां वार्षिक यात्री संख्या वर्ष 2013 के 19 हजार से बढ़कर आज एक लाख से अधिक हो चुकी है। बढ़ती मांग को देखते हुए मंत्रालय दीव हवाई अड्डे पर नया टर्मिनल और अतिरिक्त बड़े रनवे के विकास पर कार्य कर रहा है।

श्री पटेल ने कहा कि नमो एयरपोर्ट गुजरात के वलसाड से लेकर महाराष्ट्र के पालघर तक फैले पूरे औद्योगिक क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी साबित होगा। इससे क्षेत्र के युवाओं के लिए नये अवसर खुलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले 15 वर्षों में यह हवाई अड्डा कई गुना विस्तार करेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नयी दिशा देगा।

दमन हवाई अड्डा भारतीय तटरक्षक बल के एयर स्टेशन से संचालित होता है। इसके सिविल टर्मिनल का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 अप्रैल 2023 को किया था। उन्होंने 05 जून 2026 को इसका उद्घाटन किया था। यह परियोजना 25 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा विकसित की गयी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसमें 88 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। यह टर्मिनल 3,700 वर्ग मीटर में फैला है और वर्तमान में प्रतिदिन 14 एटीआर उड़ानों का संचालन करने में सक्षम है। इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 3.67 लाख है।

.....

Next Post

पीएम मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, प्रदूषण मुक्त परिवहन की नई शुरुआत

Fri Jul 17 , 2026
नई दिल्ली, परिवहन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह आधुनिक ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पूरी तरह […]

You May Like