इंदौर: इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में मोस्ट इंस्पायरिंग सिटी के रूप में सर्वाधिक अंक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है. वन सिटी-वन अवॉर्ड के तहत स्वच्छता जोड़ी में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। इंदौर के मार्गदर्शन में देपालपुर अपनी श्रेणी में देश का नंबर वन शहर बन गया है. पिछले सर्वेक्षण में 1710वीं रैंक पर रहे देपालपुर ने लंबा सफर तय कर यह मुकाम हासिल किया.
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इंदौर को इंस्पायरिंग सिटी के रूप में रेखांकित करते हुए कहा कि यह इंदौर की पहचान केवल खुद स्वच्छता में उपलब्धियां हासिल करने वाले शहर की नहीं, बल्कि दूसरे शहरों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने वाले मॉडल शहर की भी बन रही है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर को मिली उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों, नगर निगम के सात हजार से अधिक कर्मचारियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शहर की जनता और मीडिया के साथियों देते हुए आभार जताया. उन्होंने देपालपुर की जनता, वहां के सफाई मित्रों और जनभागीदारी मॉडल से जुड़े सभी लोगों को भी इस सफलता का सहभागी बताया. उनका कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति या संस्था का सम्मान नहीं, बल्कि दोनों शहरों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है.
