भिंड: सुरपुरा गांव में ज्ञान सिंह जाटव के साथ हुई मारपीट और कथित बंधक बनाकर पेशाब पिलाने की घटना को लेकर अब भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी भी मैदान में उतर आई हैं। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही और आजाद समाज पार्टी के दतिया जिले के पूर्व प्रत्याशी दामोदर यादव अर्जद्धपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी न्याय की लड़ाई साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि दलित समाज पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिल्ली जाकर चंद्रशेखर आजाद से करेंगे मुलाकात
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद दोनों नेता दिल्ली रवाना हुए। उन्होंने बताया कि वे पार्टी सुप्रीमो चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देंगे और आगे की रणनीति तय की जाएगी। भिंड सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ओबीसी समाज के वरिष्ठ नेता दामोदर यादव ने कहा कि ज्ञान सिंह जाटव के साथ मारपीट, बंधक बनाना और कथित पेशाब पिलाने जैसी घटना निंदनीय है।उन्होंने कहा कि कुछ लोग सामाजिक संगठनों और उनके पदाधिकारियों को “गुंडा” और “आतंकवादी” बताकर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। यह गलत है, पुलिस को ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
