नायता मुंडला में बिना लाइसेंस अवैध रूप से रखा था विस्फोटक पायरो सामान, दुकान मालिक और किरायेदार पर केस दर्ज

इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के नायता मुंडला में बीते दिनों एक दुकान में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच के बाद पुलिस ने दुकान मालिक और किरायेदार के खिलाफ अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के आरोप में केस दर्ज किया है. इस लापरवाही के कारण लगी आग में आसपास की दुकानों और एक जिम को भारी नुकसान पहुंचा था.

घटना सनावदिया रोड नायता मुंडला स्थित पटेल मार्केट की है. यहां बीते 19 मई को एक दुकान में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई थी. आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया था. घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया था, जिसके बाद से पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही थी.पुलिस जांच और छानबीन में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दुकान मालिक जुबेर पटेल निवासी नायता मुंडला ने अपनी दुकान किरायेदार रवि उर्फ कालू मालवीय निवासी माउंट बर्ग कॉलोनी को किराये पर दी थी.

रवि मालवीय यहां टेंट डेकोरेशन और इवेंट में इस्तेमाल होने वाले पायरो पटाखे, आतिशबाजी और विस्फोटक सामान रखता था. जांच में पाया गया कि इस बेहद संवेदनशील और विस्फोटक सामान के भंडारण के लिए किरायेदार रवि और मकान मालिक जुबेर के पास कोई भी वैध लाइसेंस नहीं था. इसके साथ ही, दुकान में आगजनी से सुरक्षा या बचाव के लिए फायर एक्स्टिंग्विशर जैसे कोई पर्याप्त संसाधन भी नहीं रखे गए थे.इस लापरवाही के कारण जब दुकान में आग लगी, तो विस्फोटक सामग्री के कारण उसने विकराल रूप ले लिया.

इस आगजनी में किरायेदार रवि मालवीय की दुकान में रखा टेंट डेकोरेशन और इवेंट पायरो का सामान जलकर खाक हो गया. वहीं पास ही स्थित रंजीत सिंह सरदार की दुकान में रखा ऑटो पार्ट्स और कीमती ऑयल का स्टॉक पूरी तरह नष्ट हो गया. इसके अलावा, वहीं स्थित एक जिम भी आग की चपेट में आ गया, जिससे जिम की महंगी मशीनें, कांच, जरूरी दस्तावेज, गद्दे और अन्य सामग्रियां जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गईं.अवैध भंडारण और आम जनता की जान जोखिम में डालने की इस गंभीर लापरवाही पर तेजाजी नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दुकान मालिक जुबेर और किरायेदार रवि उर्फ कालू मालवीय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

Next Post

छह गोदामों में लगी आग साढ़े 4 घंटे की मशक्कत और 2 लाख लीटर पानी से पाया काबू

Sat May 30 , 2026
इंदौर: एमआईजी लिंक रोड पर बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां कतार से बने करीब छह व्यावसायिक गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते लपटों ने टेंट हाउस, टायर और प्लाइवुड के कारखानों को अपनी चपेट में ले लिया. आसमान में उठते धुएं के […]

You May Like