मुंबई, 09 जून (वार्ता) बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों के शेयरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी रही और प्रमुख सूचकांक आधा फीसदी ऊपर बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 394.50 अंक (0.54 प्रतिशत) चढ़कर 73,918.76 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 135 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,258 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों सूचकांक करीब एक प्रतिशत टूट गये थे। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.22 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.80 प्रतिशत ऊपर रहा।
आज की बढ़त में बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में लिवाली का सबसे अधिक योगदान रहा, विशेष रूप से सार्वजनिक बैंकों में लिवाली का। ऑटो, रियल्टी और रसायन समूहों के सूचकांक भी एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। सिर्फ आईटी और मीडिया सेक्टरों में ही बिकवाली का जोर रहा। एनएसई में जिन 3,396 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,380 के शेयरों में तेजी और 904 में गिरावट रही। अन्य 112 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 18 के शेयर हरे निशान में रहे। विमान सेवा कंपनी इंडिगो का शेयर सबसे ज्यादा 4.04 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक में 2.13 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 2.03, एक्सिस बैंक में 1.93, बजाज फाइनेंस में 1.83, एशियन पेंट्स में 1.81, ट्रेंट में 1.79 और मारुति सुजुकी में 1.62 प्रतिशत की तेजी रही।
बजाज फिनसर्व का शेयर 1.29 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.22, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.13, अडानी पोर्ट्स का 1.12 और अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.05 प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी ऊपर बंद हुए। टाइटन का शेयर 2.08 फीसदी टूट गया। एनटीपीसी में 1.96 प्रतिशत, पावरग्रिड में 1.64, टेक महिंद्रा में 1.24, इटरनल में 1.01 और भारती एयरटेल में 0.98 प्रतिशत की गिरावट रही। इंफोसिस, सन फार्मा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी नीचे बंद हुए।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.17 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.28 प्रतिशत चढ़ गया। वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग 0.37 प्रतिशत की गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.67 प्रतिशत ऊपर था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई में 0.25 प्रतिशत नीचे चल रहा था।

