स्कूल वैन और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत

सागर। जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के सरखड़ी-बांसा मार्ग पर स्थित ताजपुर तिराहे पर तेज गति से आ रही एक स्कूल वैन की टक्कर से बाइक सवार दो युवको की मौत हो गई है।जबकि अनियंत्रित हुई स्कूल वैन सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बांसा गांव निवासी 42 वर्षीय गुड्डू यादव अपने 27 वर्षीय मित्र रामबाबू , निवासी सिंगारचौरी, के साथ बाइक से किसी निजी कार्य के सिलसिले में सागर जा रहे थे। जब उनकी बाइक ताजपुर तिराहे के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रही सरखड़ी कॉन्वेंट स्कूल की वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल सागर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक को टक्कर मारने के बाद स्कूल वैन का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक गुड्डू यादव के भाई विजय यादव ने बताया कि संबंधित स्कूल वैन सरखड़ी से बांसा गांव बच्चों को लेने आ रही थी। उनके अनुसार, दुर्घटना के समय वैन में लगभग तीन बच्चे भी सवार थे। हालांकि जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तब वहां न तो चालक मौजूद था और न ही बच्चे दिखाई दिए। थाना पुलिस ने फरार चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

लंबित मांगो को लेकर टीआरएस में काली पट्टी बांध कर सांकेतिक विरोध

Wed Jul 1 , 2026
रीवा, प्रांतीय शासकीय महाविद्यालयीन प्राध्यापक संघ के आह्वान पर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय रीवा में प्राध्यापकों ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन प्रारंभ किया. आंदोलन के प्रथम चरण में प्राध्यापकों ने अपने नियमित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों […]

You May Like