‘स्प्लिट्सविला’ से मिली पहचान, ‘बिग बॉस’ ने बढ़ाई लोकप्रियता, ऐसा रहा पारस छाबड़ा का टीवी स्टार बनने का सफर

पारस छाबड़ा ने 2012 में स्प्लिट्सविला 5 जीतकर मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कई टीवी सीरियल्स, रियलिटी शोज और बिग बॉस 13 में हिस्सा लेकर लोकप्रियता हासिल की।

टीवी एक्टर पारस छाबड़ा ने एमटीवी के लोकप्रिय शो ‘स्प्लिट्सविला 5’ से अपने करियर की शुरुआत की। आज वह टीवी, रियलिटी शोज और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। पारस छाबड़ा का जन्म 11 जुलाई 1990 को दिल्ली में हुआ था। आज वह अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं। पारस का शुरुआती जीवन संघर्षों से भरा रहा। बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उनकी मां रूबी ने अकेले उनका पालन-पोषण किया।

पढ़ाई के दौरान ही पारस ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। शुरुआती दिनों में उन्होंने कई छोटे-मोटे काम किए और विज्ञापनों में भी नजर आए। हालांकि उनकी असली पहचान साल 2012 में आई, जब उन्होंने एमटीवी ‘स्प्लिट्सविला 5’ में हिस्सा लिया। अपने आत्मविश्वास, स्टाइल और व्यक्तित्व से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। आकांक्षा पोपली के साथ उन्होंने शो की ट्रॉफी अपने नाम की और यहीं से उनके करियर को नई उड़ान मिली। इसके बाद पारस ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

बिग बॉस 13 से मिली नई पहचान
स्प्लिट्सविला की सफलता के बाद पारस ने वी द सीरियल,’बढ़ो बहू, आरंभ, कलीरें, कर्ण संगिनी और अघोरी जैसे टीवी शोज में काम किया। साल 2019 में उन्होंने’विघ्नहर्ता गणेश में रावण का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी साल पारस ने ‘बिग बॉस 13’ में एंट्री की। शो में उनकी रणनीति, खेल और माहिरा शर्मा के साथ दोस्ती काफी चर्चा में रही। वह टॉप-6 तक पहुंचे और फिनाले से पहले 10 लाख रुपये का कैश प्राइज लेकर शो से बाहर होने का फैसला किया।

फिल्मों और डिजिटल दुनिया में भी सक्रिय
टीवी के अलावा पारस छाबड़ा ने फिल्मों में भी हाथ आजमाया। साल 2014 में वह फिल्म एम3: मिडसमर मिडनाइट मुंबई में नजर आए, हालांकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिली। इसके अलावा उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया। पारस की निजी जिंदगी भी अक्सर सुर्खियों में रही। उनका नाम आकांक्षा पुरी और माहिरा शर्मा जैसी अभिनेत्रियों के साथ जुड़ता रहा। फिलहाल वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने पॉडकास्ट ‘आबरा का डाबरा पारस छाबड़ा’ के जरिए मनोरंजन जगत की हस्तियों से बातचीत करते हैं।

Next Post

रविवार को होगी एमपीपीएससी सहायक प्राध्यापक परीक्षा

Sat Jul 11 , 2026
इंदौर: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग एमपीपीएससी द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक परीक्षा-2025 रविवार, 12 जुलाई को इंदौर के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 5,710 अभ्यर्थी शामिल होंगे. संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देशन में परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां […]

You May Like

Play sound