मक्सी। शाजापुर जिले के मक्सी नगर के पीठा रोड स्थित कन्या स्कूल के समीप बुधवार शाम बिजली के एक पोल में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद पोल पर लगी केबल तेजी से जलने लगी और वहां स्थापित दो सीसीटीवी कैमरे भी आग की चपेट में आ गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन केबल और सीसीटीवी कैमरों के जलने से आर्थिक नुकसान हुआ है। समाचार लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका था और विद्युत विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ था।
