सतना : गुरुवार को जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने की घटना से सनसनी फैल गई. एक व्यक्ति का शव जहां खदान में पाया गया वहीं एक महिला और एक पुरुष का शव अलग अलग स्थान पर खेत में पड़ा पाया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु कर दी गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत जसो-नागौद मार्ग पर शहपुर गांव में स्थित खदान में एक व्यक्ति का शव उतराता नजर आया. स्थानीय लोगों द्वारा इस मामले की सूचना फौरन ही पुलिस को दी गई.
जिसके आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को बाहर निकलवाया गया. पुलिस द्वारा आस पास मौजूद लोगों से जब मृतक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरु की गई तो कुछ लोगों द्वारा उसकी पहचान शहपुर निवासी रामजी चौधरी के तौर पर की गई. मृतक की पहचान होने पर पुलिस द्वारा परिजनों को सूचित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए नागौद स्थित सिविल अस्पताल की मर्चुरी में भेज दिया गया. वहीं पुलिस द्वारा इस संबंध में परिजनों सहित गांव के लोगों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार विस्तृत पीएम रिपोर्ट मिलने और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान सामने आने पर ही जानकारी स्पष्ट हो सकेगी.
इसी कड़ी में कैथा इटमा गांव में स्थित एक खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी भेज दिया. वहीं मृतक के संबंध में जानकारी जुटाने के प्रयास शुरु कर दिए गए. इसके अलावा सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गौरा गांव में स्थित खेत में एक महिला का शव पाए जाने से हडक़ंप मच गया. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.म् इस मामले में भी पुलिस द्वारा लोगों से पूछताछ करते हुए मृतका के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
