सतना : घरेलू विवाद के दौरान तमतमाए पति ने अचानक ही कुल्हाड़ी से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर तौर पर घायल पत्नी ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कठौता निवासी भालचंद्र सिंह गोड उम्र 38 वर्ष और उसकी पत्नी पुष्पा सिंह गोड उम्र 34 वर्ष के बीच आए दिन विवाद होता रहता था.
इसी कड़ी में बुधवार की रात भी पति और पत्नी के बीच विवाद शुरु हो गया. दोनों के बीच लड़ाई झगड़ा चल ही रहा था कि उनकी बेटी मानसी जोर जोर से चिल्लाते हुए अपने दादा और दादी को बुलाने लगी. जब दादा राम विश्वास सिंह गोड़ दौडकर कर कमरे में गए तो देखा कि उनका बेटा भालचंद्र उनकी बहू पुष्पा पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर रहा था. बीच बचाव करने पर भालचंद्र कुल्हाड़ी लेकर वहां से भाग गया.
पुष्पा के सिर के बाएं ओर गंभीर चोट आई थी और खून तेजी से बह रहा था. जिसे देखते हुए रामविश्वास द्वारा डायल 100 को फोन किया गया. जिसके जरिए पुष्पा को मझगवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर उपचार करने के बाद गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया. जहां पर उपचार के दौरान पुष्पा की मौत हो गई. रामविश्वास की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए भालचंद्र की खोजबीन शुरु की. पुलिस ने त्वारित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति भालचंद्र को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया
