इंदौर: शहर के विकास कार्यों को लेकर वस्तु स्थिति और आगामी कार्यों की रूपरेखा तैयार करने को लेकर आज से महापौर ने जोनवार समीक्षा शुरू की. इसके तहत पार्षदों और अधिकारियों से क्षेत्र एवं वार्ड की समस्याओं पर चर्चा होगी. महापौर अगले चार दिन तक शहर के सभी जोन कार्यालयों पर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नगर निगम विकास कार्यों की जोनवार समीक्षा बैठकों का सिलसिला शुरू किया है.
आज विधानसभा दो के जोन-17 से इसकी शुरुआत करते हुए महापौर ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की. महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर योजना में समय-सीमा में काम पूरा हो और गुणवत्ता से समझौता न किया जाए. महापौर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़क लगभग पूर्णता की ओर है, जिसका अगले महीने लोकार्पण किया जाएगा. बैठक में स्थानीय पार्षद सोनाली परमार, संध्या जायसवाल, नगर निगम के जोन अधिकारी, अपर आयुक्त मनोज पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।
सभी जोनों की क्रमवार समीक्षा
महापौर भार्गव ने बताया कि सभी जोनों की क्रमवार समीक्षा की जाएगी. प्रत्येक जोन में अब तक किए विकास कार्यों और योजनाओं पर संबंधित पार्षदों, जोन अध्यक्षों तथा अधिकारियों से चर्चा होगी. अगले चार दिनों में दिनांक-13, 14, 15 और 16 तक सभी ज़ोन पर समीक्षा बैठकें होगी.
