
सुसनेर, नप अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है. कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु प्रसाद पाटीदार के समर्थन में पार्टी ने अब अपनी पूरी ताकत मैदान में उतार दी है. कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने सुसनेर पहुंचकर अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क किया और मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा. हाल ही में पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री एवं राघोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने भी विष्णु पाटीदार के समर्थन में जनसंपर्क किया.
कांग्रेस के लिए यह उपचुनाव स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता और नेताओं के बीच समन्वय दिखाने का भी अवसर बनता नजर आ रहा है. भोपाल विधायक आरिफ मसूद, महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस, तराना विधायक महेश परमार सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के सुसनेर पहुंचकर प्रत्याशी के समर्थन में सक्रिय होने से चुनावी माहौल में हलचल बढ़ गई है. कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार के समर्थन में लगातार वरिष्ठ नेताओं के जनसंपर्क में शामिल होने से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है. नामांकन के दौरान भी कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया था. नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा ने प्रदीप सोनी को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से विष्णु प्रसाद पाटीदार मैदान में है. दोनों प्रत्याशी आमने-सामने हैं और चुनावी मुकाबला अब सीधे भाजपा व कांग्रेस के बीच केंद्रित हो गया है.
सुसनेर की सियासत में बढ़ा श्स्टार प्रचार
स्थानीय चुनाव, लेकिन मैदान में प्रदेश स्तर के चेहरे…सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद का उपचुनाव अब केवल स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं तक सीमित नजर नहीं आ रहा है. विधायक जयवर्धन सिंह के जनसंपर्क के बाद कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता ने यह संकेत दिया है कि पार्टी इस चुनाव को गंभीरता से ले रही है. वहीं भाजपा भी अपने संगठन और स्थानीय नेताओं के माध्यम से प्रचार अभियान में सक्रिय है. अब नजर इस बात पर है कि दिग्गजों की मौजूदगी, स्थानीय संगठन की सक्रियता और प्रत्याशियों का व्यक्तिगत जनसंपर्क इन तीनों में से मतदाताओं पर किस तरह का प्रभाव दिखाई देता है. 29 सितंबर को मतदान होना है, इसलिए दोनों प्रमुख दलों के पास अब जनसंपर्क और मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सीमित समय बचा है.
