20.59 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग में मिल्क मैजिक के मालिक किशन मोदी गिरफ्तार, 18 मार्च तक ED की रिमांड पर

सीहोर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई करते हुए जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक किशन मोदी को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई मनी लॉड्रिंग के गंभीर आरोपों में की गई है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी किशन मोदी को भोपाल की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को 18 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है.

ईडी की जांच के मुताबिक जयश्री गायत्री फूड प्रा.लिमिटेड कंपनी मिल्क मेजिक ब्रांड से डेयरी उत्पाद तैयार करती थी और बेचती थी. जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी ने देश और विदेश में डेयरी उत्पादों का व्यापार किया था, लेकिन इस व्यापार के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं और धोखाधड़ी करने की बात भी सामने आई थीं. ईडी के अधिकारियों का दावा है कि जांच अभी जारी है. कई और दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन और निर्यात रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं. संभावना है इस मामले में कंपनी के कई अन्य अधिकारी भी जांच के दायरे में आएंगे. जरूरत पडऩे पर पूछताछ की जा सकती है और उनकी गिरफ्तारी भी की जा सकती है.

गौरतलब है कि विदेश में उत्पाद भेजने के लिए गुणवत्ता जांच जरूरी होती है. इसके लिए मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट लेना होती है. यह रिपोर्ट एक्सपोर्ट इंस्पेक्शन एजेंसी को दी जाती है. इसके बाद ही निर्यात की अनुमति मिलती है. लेकिन जांच में पता चला कि कंपनी ने फर्जी लैब रिपोर्ट जमा की थी. इस संबंध में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा सीहोर के भी फर्जी हस्ताक्षर करने की बात सामने आई थी. संबंधित प्रयोगशाला से भी पता चला कि उन्होंने ऐसी कोई रिपोर्ट ही जारी नहीं की.

प्रारंभिक जांच में 20.59 करोड़ों की मनी लांड्रिंग

22 जुलाई 24 को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक मामला दर्ज किया था. जिसमें कंपनी के अधिकारियों पर आर्थिक गड़बड़ी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे. इन्हीं शिकायतों के आधार पर ईडी ने मनी लॉड्रिंग की जांच शुरु की और प्रारंभिक जांच में 20.59 करोड़ रुपए की मनी लॉड्रिंग सामने आई थे. इसकी पुष्टि कंपनी के बैंक खातों से हुई. ईडी का कहना है कि यह रकम अवैध तरीके से कमाई गई आय मानी जाएगी. जांच में डेयरी उत्पादों को लेकर चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई थी. मिल्क मेजिक ब्रांड से जो डेयरी उत्पाद बेचे जा रहे थे उनमें मिलावट की जाती थी. दूध के फेट की जगह पाम ऑयल और अन्य केमिकल मिलाने के आरोप भी सामने आए थे. ऐसे उत्पाद विदेशों में भी निर्यात किए गए थे. इससे पहले 29 अगस्त 2023 को भी हबीबगंज थाने में एक प्रकरण दर्ज किया गया था.

 

 

Next Post

नुक्कड़ नाटक से लोगों को दिया रेल सुरक्षा का संदेश

Tue Mar 17 , 2026
इंदौर:मंडल क्षेत्र में शरारती तत्वों द्वारा सवारी गाड़ियों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक अथवा सहायक उपकरणों से छेड़छाड़, अनधिकृत रूप से ट्रैक पार करना तथा रेलवे ट्रैक पर पशुओं के दुर्घटनाग्रस्त होने जैसी घटनाओं से रेल संचालन प्रभावित होता है.इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक […]

You May Like