श्योपुर: बड़ौदा तहसील में किसानों ने जलभराव की समस्या को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कृषि भूमि से बरसाती पानी की निकासी के लिए शासकीय नाला निर्माण की मांग की है। यह ज्ञापन किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंडला के नेतृत्व में दिया गया।किसानों ने ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र के अधिकांश परिवार खेती पर निर्भर हैं, जहां धान और गेहूं प्रमुख फसलें हैं। वर्षा ऋतु में हजारों बीघा कृषि भूमि में बरसाती पानी भर जाता है।
पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण खेतों में लंबे समय तक जलभराव रहता है, जिससे धान सहित अन्य फसलें खराब हो जाती हैं। इसके चलते किसानों को बुवाई में देरी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए पहले भी प्रशासन को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। राजस्व विभाग ने मौके का निरीक्षण भी किया था, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
किसानों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि अगली बारिश से पहले जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो इस वर्ष भी फसलों को भारी नुकसान होगा।तहसीलदार सुरेश राठौड़ ने किसानों की मांग को गंभीरता से लिया और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र के किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
