उत्तराखंड : राष्ट्रपति ने पहली बार किया नौ महिला कैडेट सहित 515 कैडेट की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण

देहरादून, 13 जून (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को उत्तराखंड के देहरादून में स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में पासिंग आउट परेड (पीओपी) का निरीक्षण किया और कैडेट की सलामी ली।

आईएमए के चेटवुड हॉल के सामने ड्रिल स्क्वायर पर आयोजित 158वें सामान्य कोर्स एवं 141वें तकनीकी स्नातक कोर्स की परेड में 515 कैडेट पास आउट हुए। इनमें 481 भारतीय और 16 मित्र देशों के 34 अधिकारी कैडेट शामिल हैं।

परेड की खास बात यह रही कि आईएमए के 93 साल के इतिहास में पहली बार नौ महिला कैडेट पुरुष कैडेटों के साथ पास आउट हुईं और सेना में अधिकारी बनीं।

श्रीमती मुर्मू ने अपने संबोधन में युवा अधिकारियों से कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने महिला अधिकारियों को विशेष बधाई दी और इसे नारी शक्ति का सम्मान बताया।

इस अवसर पर राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि श्रीमती मुर्मू शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंची थीं। एक साल के भीतर उनका यह तीसरा देहरादून दौरा है।

 

Next Post

रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान

Sat Jun 13 , 2026
सतना: जीआरपी चौकी सतना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा शुक्रवार को रेलवे स्टेशन में सायबर जागरूकता अभियान का संचालन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र यात्रीगण, महिला यात्री एवं छोटे बच्चों को साइबर अपराधों से संबंधित ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी को नहीं देने का परामर्श […]

You May Like