
खंडवा। गणेश चतुर्थी पर बुधवार को जिलेभर में घर-घर विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमाएं गाजे-बाजे के साथ स्थापित की गईं। रिमझिम बारिश के बीच गणपति बप्पा मोरया की गूंज से शहर का माहौल भक्तिमय रहा। युवा ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए गणेश प्रतिमाओं को पंडालों तक लेकर पहुंचे।
दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत उत्साह के साथ हुई, जिसके अंतर्गत विभिन्न मंडलों द्वारा सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर एसपी मनोज कुमार राय, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और विधायक कंचन तन्वे ने स्व सहायता समूहों से ईको-फ्रेंडली मिट्टी की प्रतिमाएं खरीदीं और नागरिकों से भी इन्हीं मूर्तियों को अपनाने की अपील की। प्रशासन ने प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों पर प्रतिबंध लगाया है।
ओंकारेश्वर नगरी में भी गाजे-बाजे के साथ गणेशजी की प्रतिमाएं विराजित हुईं। वहीं, जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में भी विधिविधान से गणपति की स्थापना की गई। गणेश चतुर्थी पर जिलेभर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
