मुंबई, 16 जून (वार्ता) विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश करने वाले भारतीय निवेशकों के लिए चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सिंगापुर, अमेरिका और मॉरिशस सबसे पसंदीदा बाजार रहे।
रिजर्व बैंक द्वारा बुधवार को जारी आँकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में भारतीय निवेशकों ने कुल 664.98 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश किया। इसमें सबसे ज्यादा 221.757 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष निवेश सिंगापुर में हुआ। दूसरे नंबर पर मॉरिशस का स्थान रहा जहां भारत से 100.748 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ। इस मामले में भारतीय निवेशकों की तीसरी पसंद अमेरिका रहा जहां उन्होंने 100.435 करोड़ डॉलर का निवेश किया।
रिपोर्ट में इस वर्ष जून में भारतीयों द्वारा विदेशों में किये गये प्रत्यक्ष निवेश के आँकड़े भी जारी किये गये हैं। भारतीय निवेशकों ने जून 2025 में विदेशों में कुल 503.048 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष निवेश किया। यह जून 2024 के 289.49 करोड़ डॉलर की तुलना में लगभग 74 प्रतिशत अधिक है। भारतीय निवेशकों ने इस साल जून में गारंटी जारी कर 2,405.36 करोड़ डॉलर का निवेश किया। उन्होंने इक्विटी खरीदकर 203.957 करोड़ डॉलर और लोन (ऋण) के जरिये 58.555 करोड़ डॉलर का निवेश किया।

