नौतपा की शुरुआत के साथ छत्तीसगढ़ में बढ़ी तपिश, राजनांदगांव सबसे गर्म

रायपुर, 25 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्से इस समय ग्रीष्म लहर की चपेट में हैं। इसी बीच सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो गई है, जिससे आगामी नौ दिनों तक गर्मी और अधिक तीव्र रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क एवं गर्म हवाओं के प्रभाव से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

रविवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित अनेक शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना (रायपुर) में 45 डिग्री, दुर्ग में 44.5 डिग्री, बेमेतरा में 44.3 डिग्री, बिलासपुर में 44.2 डिग्री और रायपुर में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में जांजगीर-चांपा में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि जगदलपुर में 43.3 डिग्री, रायगढ़ में 42.8 डिग्री और कोरबा में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बलरामपुर और पेंड्रारोड में 41.8 डिग्री, अंबिकापुर में 41.7 डिग्री, रामानुजगंज में 40.1 डिग्री तथा जशपुर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग द्वारा रायपुर शहर के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।

 

Next Post

बरगवां में तनाव: अनावरण से पहले ही मंगल पांडे की प्रतिमा खंडित, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Mon May 25 , 2026
सिंगरौली/बरगवां: बरगवां क्षेत्र के बाघाडीह गांव में वीर क्रांतिकारी मंगल पांडे की स्थापित प्रतिमा का अनावरण 26 मई को होना था, लेकिन उससे पहले ही अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा को खंडित किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल […]

You May Like

Play sound