
इंदौर. हरदा से इंदौर भेजी गई चने की खेप में बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आया है. ट्रक में लदे 29 टन चने में से करीब 15 टन रास्ते में गायब मिला. कमी छिपाने के लिए आरोपियों ने ट्रक में पत्थर और पानी की केन रखकर वजन बराबर करने की कोशिश की. पुलिस ने ट्रक चालक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
पालदा स्थित एक दाल मिल संचालक ने शिकायत दर्ज कराई है कि शहर के व्यापारियों के ऑर्डर पर हरदा मंडी से 29 टन चना ट्रांसपोर्ट के जरिए मंगवाया था. गुरुवार 9 जुलाई को ट्रक इंदौर पहुंचा तो माल उतरवाने के दौरान खेप संदिग्ध लगी. मौके पर जांच करने पर ट्रक में चने की जगह बड़ी मात्रा में पत्थर और पानी की केन रखी मिलीं. दोबारा वजन कराने और माल का मिलान करने पर पता चला कि करीब 15 टन चना गायब है. आशंका है कि रास्ते में माल उतारकर उसकी जगह पत्थर और पानी की केन रख दी गईं, ताकि ट्रक का कुल वजन सामान्य दिखाई दे. शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक समीर खान निवासी देवास और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है.
मामले में जांच की जा रही है…
पुलिस अब ट्रक के रूट, ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड और रास्ते में संभावित ठिकानों की जांच कर रही है, जहां चने की खेप उतारी गई हो. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे.
भंवरकुंआ थाना प्रभारी, संतोष दूधी
