कलेक्ट्रेट परिसर में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास, दुकान पर कब्जे से परेशान होने का दावा

नरसिंहपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पटेल वार्ड स्थित गुरुद्वारा के पास निवासी विजय दुबे ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे समझाइश दी और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय दुबे अपने साथ प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। अधिकारियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर एक अन्य व्यक्ति ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है और कई प्रयासों के बावजूद दुकान खाली नहीं की जा रही है। इस मामले को लेकर वे लंबे समय से परेशान हैं।

पीड़ित ने बताया कि वह अपनी शिकायत लेकर पहले कोतवाली थाना और बाद में कलेक्ट्रेट के भी कई चक्कर लगा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। इसी निराशा में उसने आत्मदाह जैसा गंभीर कदम उठाने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा विजय दुबे को समझाकर सुरक्षित किया। इसके बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना के बाद कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Next Post

चेन स्नैचिंग का खुलासा करने वाली टीम समेत 32 पुलिसकर्मी सम्मानित

Tue Jul 14 , 2026
इंदौर. बेहतर पुलिसिंग और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कमिश्नर ने 32 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इनमें चेन स्नैचिंग का खुलासा करने वाली टीम के 10 पुलिसकर्मी भी शामिल रहे. पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय […]

You May Like