शिवपुरी: शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित इंद्रा कॉलोनी में पानी भरते समय टिल्लू में करंट आने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान गुड़िया खान (35) पत्नी अख्तर खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने घर पर आए पानी के टैंकर से पानी भरने के लिए टिल्लू मोटर चला रही थीं। इसी दौरान मोटर में अचानक तेज करंट दौड़ गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
शहर के कई इलाकों में बढ़ती गर्मी के साथ पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। लोगों को दो से तीन दिन में एक बार ही पानी मिल पा रहा है, जिसके कारण वे निजी टैंकरों से पानी भरने को मजबूर हैं। इंद्रा कॉलोनी में भी इसी समस्या के चलते गुड़िया खान के घर पानी का टैंकर बुलाया गया था। बताया गया है कि मृतका के चार छोटे बच्चे हैं। फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया के अनुसार, महिला के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
