नरसिंहपुर: जिले में तीन दोस्त हाथीनाला-बिलधा वाटरफॉल में डूब गए। शुक्रवार रात करीब 11 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। तीनों छात्रों के शव निकाल लिए गए। तीनों छात्र स्कूल के बाद घूमने निकले थे। ये देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। तलाश करने पर हाथीनाला के पास उनकी बाइक और कपड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रेस्क्यू टीम ने सर्चिग शुरू की और तीनों के शव पानी से निकाले गए। छात्रों की पहचान तनमय शर्मा, अश्विन जाट और अक्षत सोनी के रूप में हुई है। तनमय संस्कार सिटी का रहने वाला था। अश्विन धुवघट और अक्षत गोकुल नगर के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, तनमय चावरा विद्यापीठ में कक्षा 12वीं का छात्र था। अश्विन और अक्षत उत्कृष्ट विद्यालय में 12वीं में पढ़ते थे।
नरसिंहपुर उत्कृष्ट विद्यालय के प्रिंसिपल एस पटेल ने बताया, शुक्रवार को हमारे स्कूल में कार्यक्रम पर्यटन क्विज कॉन्टेस्ट था, जिसमें पूरे जिले के 160 स्कूली बच्चों ने भाग लिया था। कार्यक्रम में हमारा पूरा स्टाफ इंगेज था। इस कारण सभी बच्चों का अवकाश रखा गया था। इसकी सूचना हमने गुरुवार को ही सभी बच्चों और पेरेंट्स को दे दी थी। तीनों छात्रों ने पहले ही वाटरफॉल जाने का प्लान कर लिया होगा।
