
चेन्नई, 10 सितंबर (वार्ता) अजीतेश संधू ने बोगी-मुक्त चार-अंडर 68 का स्कोर बनाकर टीएनजीएफ कॉस्मो गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले चेन्नई ओपन 2026 के तीसरे राउंड के बाद अपनी बढ़त तीन शॉट की कर ली। दिन की शुरुआत दो शॉट की बढ़त के साथ करने वाले चंडीगढ़ के 37 वर्षीय अजीतेश (65-66-68) ने चार बर्डी की मदद से त्रुटिरहित राउंड खेला। वह 17-अंडर 199 के कुल स्कोर के साथ अंतिम राउंड में उतरेंगे। कोलकाता के विराज मदप्पा (72-67-63) ने दिन का सर्वश्रेष्ठ नौ-अंडर 63 का स्कोर बनाकर नौ स्थान की छलांग लगाई। वह संयुक्त 11वें स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंच गए और उनका कुल स्कोर 14-अंडर 202 है। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर दो बार के विजेता और पूर्व एशियन टूर चैंपियन 28 वर्षीय विराज के राउंड में पार-4 के छठे होल पर एक ईगल, आठ बर्डी और एक बोगी शामिल रही।
दूसरे राउंड के बाद दूसरे स्थान पर चल रहे चेक गणराज्य के स्टेपान डैनेक (65-68-70) 13-अंडर 203 के साथ तीसरे स्थान पर आ गए। उनके दो-अंडर 70 के राउंड में पार-5 18वें होल पर एक ईगल, तीन बर्डी, एक बोगी और एक डबल बोगी शामिल रहे। चंडीगढ़ के जयराज सिंह संधू (66-71-67) संयुक्त सातवें स्थान से ऊपर चढ़कर 12-अंडर 204 के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर पहुंच गए। नोएडा के अमरदीप मलिक (67-68-69) भी उनके साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार (67-68-73) संयुक्त चौथे स्थान से नीचे आकर आठ-अंडर 208 के साथ संयुक्त 14वें स्थान पर पहुंच गए। गत चैंपियन श्रीलंका के एन. थंगराजा ने शुरुआती दो राउंड में 69 और 70 के बाद तीसरे राउंड में 72 का स्कोर बनाया। वह पांच-अंडर 211 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 23वें स्थान पर हैं।
