ब्रेडी, 11 जुलाई (वार्ता) हेली मैथ्यूज (तीन विकेट और नाबाद 159) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने यहां खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में आयरलैंड को 68 गेंदें शेष रहते नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मेहमान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
वेस्टइंडीज ने 38.4 ओवर में 270 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। मैथ्यूज ने रियालेना ग्रिमंड (91) के साथ 258 रनों की रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी की, जो वेस्टइंडीज महिला टीम के लिए वनडे में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
इससे पहले सारा फोर्ब्स के जल्दी रन-आउट होने के बाद आयरलैंड ने एमी हंटर के दम पर वापसी की। हंटर ने 96 रनों की पारी खेली और तीसरे विकेट के लिए ओर्ला प्रेंडरगास्ट (30) के साथ 69 रन और चौथे विकेट के लिए रेबेका स्टोकेल (20) के साथ 50 रन जोड़े। तीन विकेट पर 196 रन के स्कोर पर मेजबान टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन मैथ्यूज (52 रन देकर पर 3 विकेट) और एफी फ्लेचर (49 रन देकर चार विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन से आयरलैंड की पारी लड़खड़ा गई। हंटर शतक से चार रन दूर आउट हो गईं और आयरलैंड ने 36 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिए। लुईस लिटिल के 27 रनों की मदद से टीम 269 रन तक पहुंच सकी।
वेस्टइंडीज ने शानदार शुरुआत की और लक्ष्य कभी भी मुश्किल नहीं लगा। मैथ्यूज ने 90 गेंदों में शतक पूरा किया, जबकि ग्रिमंड ने अपना वनडे अर्धशतक जमाया। इस जोड़ी ने आयरलैंड को धीरे-धीरे मुकाबले से बाहर कर दिया। उनकी साझेदारी ने वेस्टइंडीज महिला टीम के पिछले 204 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, हालांकि जीत के लिए केवल 12 रन शेष रहते ग्रिमंड 91 रन पर आउट हो गईं। मैथ्यूज 123 गेंदों पर 159 रन बनाकर नाबाद रहीं। यह वेस्टइंडीज महिला टीम के लिए वनडे में स्टेफनी टेलर के 171 रनों के बाद दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
