नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली के प्रथम मुख्यमंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी ब्रह्म प्रकाश की जयंती पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।
इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य तथा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने इस मौके पर कहा कि चौधरी ब्रह्म प्रकाश स्वतंत्रता संग्राम के साहसी सेनानी, गांधीवादी विचारधारा के प्रबल समर्थक और दिल्ली की राजनीति के प्रमुख स्तंभ थे। उन्होंने सत्याग्रह आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभायी तथा दिल्ली की भूमिगत गतिविधियों का नेतृत्व किया। आजादी के बाद उन्होंने दिल्ली के विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि चौधरी ब्रह्म प्रकाश दो बार दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे और 1952 से 1955 तक दिल्ली के पहले मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दी। इसके अलावा वे चार बार लोकसभा सांसद भी चुने गये। ग्रामीण विकास, पंचायती राज और सहकारी आंदोलन को बढ़ावा देने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। श्री यादव ने कहा कि चौधरी ब्रह्म प्रकाश की विरासत आज भी दिल्ली के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को प्रेरित करती है। उनके सम्मान में स्थापित विभिन्न सार्वजनिक संस्थान उनके योगदान की याद दिलाते हैं। कांग्रेस नेताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

