इंदौर: बेटमा थाना क्षेत्र में महिला से झपटमारी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और छीना गया मंगलसूत्र बरामद किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है.दो बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए थे, मामले में बेटमा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मीना कर्णावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई.
लगातार प्रयास और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित ठाकुर (21) निवासी ग्राम बिछुआ, नरसिंहपुर हाल कालीबिल्लौद को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से घटना में प्रयोग पल्सर मोटरसाइकिल और मंगलसूत्र के मोती बरामद किए हैं. थाना प्रभारी मीना कर्णावत ने बताया कि मामले में फरार आरोपी प्रिंस सैनी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
