नई दिल्ली। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के अधीन कार्यरत लघु रत्न उद्यम राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए भारत सरकार को 43.89 करोड़ रुपये का लाभांश प्रदान किया है।
एनएसआईसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. शुभ्रांशु शेखर आचार्य ने यह लाभांश चेक केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी और राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को सौंपा। इस अवसर पर मंत्रालय के सचिव एस.सी.एल. दास, संयुक्त सचिव (एसएमई) मर्सी एपाओ, एनएसआईसी के निदेशक (पी एंड एम) कार्तिकेय सिन्हा सहित मंत्रालय और निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. आचार्य ने बताया कि एनएसआईसी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3,431 करोड़ रुपये का राजस्व और 146.30 करोड़ रुपये का कर-पश्चात लाभ (पीएटी) अर्जित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 15.60 प्रतिशत अधिक है।
मंत्रियों ने एनएसआईसी द्वारा एकीकृत सहायता सेवाओं के माध्यम से एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना की और उद्यमिता तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने में निगम की सक्रिय भूमिका पर विश्वास जताया।
