नये पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में 18-22 जून तक बारिश होने का अनुमान

नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) देश में नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 18 से 22 जून के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज के साथ बौछार पड़ने के आसार हैं। इसके साथ ही, देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती और कुछ राज्यों में लू का प्रकोप बना रहेगा। मौसम विभाग की मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले चार-पांच दिनों के दौरान तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इस बीच, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों और सिक्किम में इस सप्ताह अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के अनुमान हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान भी उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के हिल्ला टी एस्टेट में सबसे ज्यादा 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि आंध्र प्रदेश, बिहार और त्रिपुरा में भारी वर्षा हुई है।

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 18 से 22 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश हो सकती है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 16 जून और 18-19 जून को ओलावृष्टि का भी अनुमान है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 16 से 22 जून के दौरान धूल भरी आंधी चलने, बिजली कड़कने और 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं चलने के आसार हैं।

देश के कुछ हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। विदर्भ में 19 जून तक, तेलंगाना में 18 जून तक और छत्तीसगढ़ में 17 जून तक अलग-अलग इलाकों में लू चलने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटे में देश का सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके साथ ही कोंकण, गोवा, विदर्भ और ओडिशा जैसे तटीय एवं मध्य क्षेत्रों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को 16 से 21 जून के बीच बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी, अंडमान सागर और अरब सागर के तटीय इलाकों में न जाने की सलाह दी है। इसके साथ ही किसानों के लिए कृषि परामर्श जारी किया गया है, जिसमें जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बागवानों को ओलावृष्टि से फसलों को बचाने के लिए हेल-नेट का उपयोग करने तथा पूर्वोत्तर तथा केरल के किसानों को भारी बारिश के मद्देनजर खेतों में जलभराव रोकने के लिए जल निकासी की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है।

.....

Next Post

रेखा गुप्ता ने डीएम कार्यालय में 'सिटिजन लाउंज-कम-न्यू एज लर्निंग सेंटर' का किया उद्घाटन

Tue Jun 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को नयी दिल्ली जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय परिसर में स्थापित ‘सिटिजन लाउंज-कम-न्यू एज लर्निंग सेंटर’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आधुनिक सिटिजन लाउंज, लाइब्रेरी एवं रीडिंग कॉर्नर तथा नव-निर्मित शौचालय ब्लॉक का अवलोकन किया। उन्होंने इस […]

You May Like