(आशीष कुर्ल)
भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने कार्यकर्ताओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार भोपाल स्थित पीसीसी कार्यालय में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और कार्यक्रम को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि एआई विशेषज्ञों को इस प्रशिक्षण के लिए टेलीफोनिक निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। विशेषज्ञ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एआई के विभिन्न उपयोगों पर जानकारी देंगे। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीकी साधनों से लैस करना है, ताकि वे जनसंपर्क, डाटा विश्लेषण और संचार रणनीतियों को अधिक प्रभावी बना सकें।
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में 50 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता भाग लेंगे। यह पहल कांग्रेस संगठन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक इस पूरे आयोजन की निगरानी कर रहे हैं और स्वयं तैयारियों पर नज़र रखे हुए हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस का यह कदम तकनीक आधारित प्रचार और क्षमता निर्माण पर उसके बढ़ते फोकस को दर्शाता है, खासकर भविष्य के चुनावों को ध्यान में रखते हुए। यह कार्यक्रम इसी माह के अंत में पीसीसी कार्यालय में शुरू होने की संभावना है।
