
खंडवा। खंडवा संसदीय क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। बीड़ रेलवे स्टेशन से इटारसी जंक्शन के बीच नई पैसेंजर ट्रेन चलाने की वर्षों पुरानी मांग को रेलवे मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। इस संबंध में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव द्वार सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल को आधिकारिक पत्र भेजा गया है।
रेल मंत्री का पत्र हुआ जारी
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि रेल मंत्री द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि बीड़–इटारसी के मध्य नई पैसेंजर रेलगाड़ी क्रमांक 51689/51690 के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। ट्रेन का विस्तृत समय-सारणी और संचालन कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।
यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
नई पैसेंजर ट्रेन शुरू होने से खंडवा संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बीड़ और आसपास के क्षेत्रों से इटारसी तक यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस ट्रेन की मांग कर रही थी। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के विकास और यात्री सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
जल्द जारी होगा शेड्यूल
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा अब ट्रेन के संचालन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। विस्तृत शेड्यूल और स्टॉपेज की जानकारी शीघ्र जारी किए जाने की संभावना है।
