जबलपुर: गढ़ा थाना अंतर्गत देवताल में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) को साइबर ठग ने निशान बनाया और दो अलग-अलग बैंकों के खातों से 1 लाख 45 हजार रुपये उड़ा लिए। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित के पास पैसे कटने का न तो कोई मैसेज आया और न ही उनसे कोई ओटीपी मांगा गया।पुलिस के अनुसार स्वामी वीरेन्द्रपुरी वार्ड, देवताल रोड निवासी 45 वर्षीय विभाष कुमार जैन पेशे से एमआर हैं।
ठगों ने उनके एचडीएफसी बैंक मदन महल शाखा से 74,000 रुपये और एसबीआई आनंदकुंज गढ़ा शाखा से 49,000 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद ठगों ने उनके एचडीएफसी खाते से 22,000 रुपये फिर से निकाल लिए। विभाष जैन को इस ठगी की भनक तक नहीं लगी क्योंकि उनके मोबाइल पर ट्रांजैक्शन से संबंधित कोई अलर्ट प्राप्त नहीं हुआ था। जब उन्होंने अपना बैंक अकाउंट चेक किया, तब उन्हें पता चला कि उनके साथ 1.45 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो चुकी है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
